उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि राजस्थान के गंगानगर में यह 48 डिग्री तक दर्ज किया गया।
हालांकि, मौसम विभाग ने बताया है कि 14 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। वैज्ञानिकों के अनुसार हाल के दिनों में गरज-चमक की गतिविधियों की कमी और प्रतिकूल मौसमी स्थितियों जैसे कि एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण तापमान में तेजी आई है।
दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई इलाकों में भारी वर्षा हो रही है। बेंगलुरु, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के कई जिलों में लगातार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 17 जून तक दक्षिण भारत में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।

इस समय जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी है। मौसम विभाग ने बिहार, असम और मेघालय में उमस भरे मौसम और कुछ क्षेत्रों में गर्म रातों की चेतावनी भी दी है।
अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान:
- 13 जून तक उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में गर्मी बनी रहेगी
- 14 जून के बाद बारिश के साथ तापमान में गिरावट संभव
- 12 से 17 जून तक दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
newsheadline.co.in