मुंबई, 12 जून 2025 — महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में वांछित मुख्य साज़िशकर्ता ज़ीशान अख्तर को कनाडा में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जानकारी महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने बुधवार को दी। अब सरकार उसे भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर चुकी है।
मंत्री ने क्या कहा?
योगेश कदम ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “ज़ीशान अख्तर को कनाडा में पकड़ा गया है। हमने उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जैसे ही वह वापस लाया जाएगा, उससे पूछताछ की जाएगी।”
कौन है ज़ीशान अख्तर?
ज़ीशान अख्तर एक खतरनाक अपराधी है, जिसे जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के लिए सुपारी दी थी। ज़ीशान के साथ शुभम लोंकार भी इस साज़िश में शामिल था।
मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया है कि ज़ीशान पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पंजाब पुलिस ने भी उसे बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड हमले का मुख्य आरोपी बताया था। यह हमला 7 अप्रैल को हुआ था, हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ।
YouTuber पर भी हमला
ज़ीशान ने 16 मार्च को पंजाबी YouTuber रोजर संधू के घर पर भी ग्रेनेड हमला किया था, लेकिन सौभाग्यवश ग्रेनेड नहीं फटा। इन हमलों के पीछे आतंक फैलाने और डर का माहौल बनाने की मंशा बताई जा रही है।
वीडियो में किया था खुलासा
फरवरी 2025 में ज़ीशान अख्तर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने दावा किया था कि उसने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहज़ाद भट्टी की मदद से एक विदेशी देश में शरण (asylum) ली है। वीडियो में वह शहज़ाद को “बड़ा भाई” कहकर संबोधित करता है और कहता है कि एशिया से बाहर एक देश में वह सुरक्षित है। मुंबई पुलिस ने पुष्टि की थी कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति ज़ीशान ही है।
अब तक कितनी गिरफ़्तारियाँ हुईं?
बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस केस में अब तक 25 से ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय संबंधों की भी जांच
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ज़ीशान को विदेश में शरण कैसे मिली, क्या वह नकली दस्तावेज़ों का इस्तेमाल कर भागा, और पाकिस्तान के गैंगस्टरों के साथ उसके क्या संबंध हैं।
newsheadline.co.in